दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर रफ्तार का ‘खेल’ बंद! छपार पुलिस सड़क पर उतरी, हेलमेट-सीट बेल्ट को लेकर चलाया जागरूकता अभियान

दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर रफ्तार का ‘खेल’ बंद! छपार पुलिस सड़क पर उतरी, हेलमेट-सीट बेल्ट को लेकर चलाया जागरूकता अभियान

मुजफ्फरनगर। दिल्ली-हरिद्वार नेशनल हाईवे पर लगातार हो रहे सड़क हादसों की रोकथाम के लिए छपार थाना पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है। पुलिस टीम हाईवे पर चेक पोस्ट बनाकर वाहनों की निगरानी कर रही है और वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक कर रही है।

थानाध्यक्ष मोहित चौधरी के नेतृत्व में चल रहे अभियान का मुख्य उद्देश्य तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण करना और हाईवे पर सफर को सुरक्षित बनाना है। पुलिसकर्मी वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और अचानक तेज गति न बढ़ाने की सलाह दे रहे हैं।

अभियान के दौरान थानाध्यक्ष मोहित चौधरी और वरिष्ठ उपनिरीक्षक लोकेश गौतम खुद हाईवे पर मौजूद रहकर व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। वरिष्ठ उपनिरीक्षक लोकेश गौतम वाहन चालकों से बातचीत कर उन्हें सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी दे रहे हैं।

उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि कुछ मिनट बचाने की जल्दबाजी में तेज रफ्तार से वाहन न चलाएं, क्योंकि यही लापरवाही कई बार गंभीर सड़क हादसों का कारण बनती है। उन्होंने विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनकर ही हाईवे पर सफर करने की अपील की।

रमित यादव भी लोगों को कर रहे जागरूक

अभियान में छपार कस्बा इंचार्ज रमित यादव भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वह हाईवे से गुजरने वाले वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को हेलमेट तथा सीट बेल्ट के इस्तेमाल के लिए जागरूक कर रहे हैं।

रमित यादव ने लोगों को समझाया कि यातायात नियम किसी को परेशान करने के लिए नहीं, बल्कि वाहन चालक और उसके परिवार की सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि लोग यातायात नियमों का गंभीरता से पालन करें तो सड़क हादसों में काफी कमी लाई जा सकती है।

पुलिस की ओर से हाईवे पर लगातार गश्त और निगरानी जारी है। तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण के साथ-साथ वाहन चालकों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करने का अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *