फतेहपुर में 12वीं के छात्र की मौत पर बवाल, परिजनों ने कोतवाली में दिया धरना; स्कूल प्रबंधक-प्रधानाचार्य पर गैर इरादतन हत्या का केस

फतेहपुर में 12वीं के छात्र की मौत पर बवाल, परिजनों ने कोतवाली में दिया धरना; स्कूल प्रबंधक-प्रधानाचार्य पर गैर इरादतन हत्या का केस

फतेहपुर। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में शनिवार को छात्र की मौत के बाद पुलिस की कार्यशैली से नाराज परिजनों ने सदर कोतवाली में धरना दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। सरस्वती बाल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के कक्षा बारह के छात्र तेजस द्विवेदी (17) की मौत के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। आज सुबह परिजनों के द्वारा सदर कोतवाली में धरना-प्रदर्शन और हंगामें के बाद पुलिस ने स्कूल प्रबंधक राकेश त्रिवेदी और प्रधानाचार्य सक्षम त्रिवेदी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। मुकदमे की कॉपी मिलने के बाद परिजन शांत हुए।

सदर कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइन मोहल्ला स्थित पुलिस अधीक्षक आवास के पास रहने वाले दिलीप द्विवेदी का पुत्र तेजस सरस्वती बाल इंटर कॉलेज में कक्षा बारह का छात्र था। परिजनों के अनुसार, बुधवार को त्रैमासिक परीक्षा के दौरान नकल के आरोप में कॉलेज प्रशासन ने तेजस की पिटाई की, 1500 रुपये जुर्माना लगाया और रिस्ट्रिकेट कर घर जाने को कहा। इसके बाद दोपहर करीब दो बजे वह सौरा औद्योगिक क्षेत्र में पानी की टंकी के पास बेसुध हालत में मिला। उसकी साइकिल 20-25 मीटर दूर सुरक्षित खड़ी थी। सूचना पर पहुंचे परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस की लापरवाही से नाराज मृतक की मां नीलम द्विवेदी परिजनों के साथ सदर कोतवाली पहुंची। आरोप लगाया कि घटना के दूसरे दिन दोपहर में ही पुलिस को तहरीर दी गई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिसे लेकर पुलिस से तीखी नोकझोंक हुई, जिसके बाद परिजन कोतवाली परिसर में ही धरने पर बैठ गए और मुकदमा दर्ज होने तक हटने से इनकार कर दिया।

आखिरकार मां की तहरीर पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की।

सदर कोतवाल हेमंत मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *