झांसी में बारिश का कहर! पहली बार ओवरफ्लो हुआ सुकवा-डुकवा डैम, बेतवा नदी में छोड़ा गया 30 हजार क्यूसेक से ज्यादा पानी

झांसी में बारिश का कहर! पहली बार ओवरफ्लो हुआ सुकवा-डुकवा डैम, बेतवा नदी में छोड़ा गया 30 हजार क्यूसेक से ज्यादा पानी

झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी स्थित बबीना ब्लॉक क्षेत्र में पिछले 24 घंटे से अधिक समय से लगातार हो रही भारी बारिश के चलते बेतवा नदी पर बना सुकवा-डुकवा डैम ओवरफ्लो हो गया है। डैम का जलस्तर बढ़ने के बाद सुरक्षा की दृष्टि से 30 हजार क्यूसेक से अधिक पानी बेतवा नदी में छोड़ा जा रहा है। डैम से पानी छोड़े जाने के कारण बेतवा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा है, जिसके चलते नदी के निचले इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है।

लगातार बारिश और जलभराव के कारण क्षेत्र में नदी के जलस्तर पर प्रशासन और सिंचाई विभाग की ओर से निगरानी रखी जा रही है। लोगों को नदी के आसपास जाने से बचने और निचले इलाकों में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। जलस्तर बढ़ने से नदी किनारे बसे क्षेत्रों में भी लोगों की चिंता बढ़ गई है।

सुकवा-डुकवा डैम के अवर अभियंता अमित कुमार सिंह ने बताया कि डैम के निर्माण के बाद यह पहली बार है, जब यहां ओवरफ्लो हुआ है। उन्होंने कहा कि डैम में लगातार पानी की आवक पर नजर रखी जा रही है। यदि बारिश का सिलसिला आगे भी जारी रहता है और जलस्तर में और बढ़ोतरी होती है तो डैम से छोड़े जाने वाले पानी की मात्रा भी बढ़ाई जा सकती है।

अमित कुमार सिंह के अनुसार, माता टीला डैम के 15 गेट खोलकर पहले से पानी छोड़ा जा रहा था। माता टीला डैम से छोड़ा गया पानी सुकवा-डुकवा डैम में पहुंचने के कारण यहां जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। इसके साथ ही क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से भी डैम में पानी की आवक बढ़ गई।

सिंचाई विभाग की टीम स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल जलस्तर और पानी की निकासी की स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है। नदी के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *