बागपत। सदभावना दिवस के अवसर पर युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के नेहरू युवा केन्द्र बागपत द्वारा काठा गांव के एनएस पब्लिक स्कूल के मैदान में एक क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया जिसमें जनपद की चार टीम के खिलाड़ियों ने छक्के चौके लगाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और टूर्नामेंट के अंत में जिला युवा अधिकारी अरुण तिवारी की उपस्थिति में सभी टीम के खिलाड़ियों ने एक दूसरे को गले लगाकर सदभावना का संदेश दिया। मैच की शुरुआत से पहले सभी खिलाड़ियों को सदभावना शपथ भी दिलाई गई।

नेहरू युवा केंद्र बागपत द्वारा आयोजित इस क्रिकेट टूर्नामेंट में नैथला से गगन त्यागी की डेविल वॉरियर्स, बागपत से मुस्तकिम व साहिल की एक नई पहचान टीम, जावेद की नंगला वॉरियर्स टीम व नीतीश भारद्वाज की नेहरू युवा केंद्र बागपत की टीम ने प्रतिभाग किया। शुरुआत में डेविल वॉरियर्स और एक नई पहचान के बीच हुए टूर्नामेंट में मुस्तकिम की टीम ने बाजी मारी। वहीं जावेद की टीम व नेहरू युवा केंद्र बागपत की टीम के बीच हुए मुकाबले में नीतीश की टीम ने जीत हासिल की जिसमे खिलाड़ी शंभू ने दूसरी टीमों के छक्के छुड़ा दिए।

टूर्नामेंट के अंतिम पड़ाव में हुए रोचक मुकाबले में नेहरू युवा केंद्र बागपत की टीम ने जबरदस्त प्रदर्शन किया। वहीं अंतिम विजेता में जावेद की नंगला वॉरियर्स टीम ने जीत का खिताब अपने नाम किया। जिला युवा अधिकारी अरुण तिवारी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीम नेहरू युवा केंद्र बागपत व नंगला वॉरियर्स के खिलाड़ियों को ट्रॉफी व मेडल देकर सम्मानित किया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम आयोजन में आंचल श्योराण, सुषमा त्यागी, हर्ष भारद्वाज, राहुल सैनी, अमन कुमार आदि का विशेष योगदान रहा।