गांव के अंतिम छोर तक स्वास्थ्य सेवा पहुंचाना मकसद – सतवीर त्यागी

गांव के अंतिम छोर तक स्वास्थ्य सेवा पहुंचाना मकसद – सतवीर त्यागी

मेरठ। रजपुरा ब्लॉक के गांव सिखैड़ा स्थित कंपोजिट विद्यालय में रविवार को समर्पण फाउंडेशन ट्रस्ट एवं न्यूबर्ग औद्योगिक समूह की संयुक्त पहल ‘स्वस्थ गांव, स्वस्थ भारत’ अभियान के तहत एक दिवसीय निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन पूर्व विधायक सतवीर त्यागी ने किया। कैंप में 380 लोगों की विभिन्न स्वास्थ्य जांच की गई, जबकि 290 लोगों की आंखों की जांच कर जरूरतमंदों को चश्मे वितरित किए गए।

इस अवसर पर पूर्व विधायक सतवीर त्यागी ने कहा कि गांव के अंतिम छोर तक लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना जरूरी है। समर्पण फाउंडेशन ट्रस्ट और न्यूबर्ग औद्योगिक समूह ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्यसेवाएं पहुंचाने का सराहनीय कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बरसात के बाद भी ग्रामीणों के बीच स्वास्थ्य शिविर लगाकर उन्हें चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

शिविर में रक्तचाप और मधुमेह समेत विभिन्न जांच की गईं। 218 लोगों की रक्त जांच, 82 लोगों की मुंह के कैंसर की जांच, 131 महिलाओं की स्तन कैंसर और 45 महिलाओं की सर्वाइकल कैंसर की जांच की गई। अनुभवी चिकित्सकों ने मरीजों को परामर्श देने के साथ आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराईं। जरूरतमंदों को चश्मे और सैनिटरी पैड भी निशुल्क वितरित किए गए।

महिलाओं में होने वाले कैंसर की जांच दिल्ली के राजीव गांधी कैंसर इंस्टीट्यूट एंड रिसर्च सेंटर के चिकित्सकों ने की। चिकित्सीय दल में डॉ. अमीषा गुप्ता (ओरल सर्जन), डॉ. दृष्टि (स्त्री रोग विशेषज्ञ), डॉ. देव उत्कर्ष (जनरल फिजिशियन), संतोष रानी, वर्षा, दिव्यांशी, मुस्कान, आयुष और किशन शामिल रहे।

आयोजकों ने बताया कि ‘स्वस्थ गांव, स्वस्थ भारत’ अभियान के तहत नियमित अंतराल पर ऐसे गांवों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, जो जिला मुख्यालय से दूर हैं और जहां स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव है। अभियान के प्रथम चरण में मेरठ जिले के ऐसे गांवों को चिह्नित किया गया है। यह समर्पण फाउंडेशन ट्रस्ट, आरजीसीआईआरसी दिल्ली और न्यूबर्ग औद्योगिक समूह का संयुक्त प्रयास है। इस दौरान आदित्य त्यागी, मोनू,बृजेश,मास्टर नवदेश चौहान मौजूद रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *