प्रयागराज। भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ की ओर से सोमवार सुबह जारी जिला स्तरीय तात्कालिक पूर्वानुमान के अनुसार, प्रयागराज समेत प्रदेश के कई जिलों में बारह घंटे के मध्य हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 24 अगस्त को सुबह 9:52 बजे से दोपहर 12:52 बजे तक का पूर्वानुमान जारी किया है।

पूर्वानुमान के अनुसार प्रयागराज, जौनपुर, प्रतापगढ़, चित्रकूट, महोबा, बांदा, कौशांबी, हमीरपुर, फतेहपुर, रायबरेली, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, गौतमबुद्ध नगर, हापुड़, गाजियाबाद, मेरठ और बागपत तथा आसपास के क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए), कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय के अनुसार, उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में वातावरण में पर्याप्त नमी बनी हुई है। इसके साथ ही स्थानीय मौसमीय परिस्थितियों के कारण बादल सक्रिय हो रहे हैं।
इसी वजह से प्रयागराज और आसपास के जिलों में सोमवार को रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि कुछ क्षेत्रों में बादलों का प्रभाव अधिक रहने पर बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है। हालांकि वर्षा का वितरण सभी स्थानों पर एक जैसा नहीं रहेगा। कुछ क्षेत्रों में केवल बूंदाबांदी तो कुछ स्थानों पर मध्यम वर्षा हो सकती है।
डॉ. पांडेय के अनुसार, बारिश और बादलों की सक्रियता के कारण दिन के तापमान में कुछ कमी आने की संभावना है। इससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिल सकती है। उन्होंने किसानों को मौसम को देखते हुए खेतों में जरूरी कार्य सावधानी से करने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार प्रयागराज सहित आसपास के जिलों में अगले कुछ घंटों के दौरान मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। लोगों को स्थानीय मौसम की जानकारी पर नजर रखने और बारिश के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

