बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में जरवल रोड रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार को एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसा फाटक संख्या 295 के पास हुआ। मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

युवक रेलवे ट्रैक पर मौजूद था, तभी ट्रेन की चपेट में आ गया। ट्रेन चालक ने तत्काल ट्रेन रोककर घटना की सूचना जरवल रोड रेलवे स्टेशन को दी। ड्यूटी पर तैनात सहायक स्टेशन मास्टर ने कंट्रोल रूम के साथ आरपीएफ बुढ़वल और जीआरपी गोंडा को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही जरवल रोड थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं आरपीएफ बुढ़वल की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। जांच के दौरान युवक का शव ट्रेन के इंजन में फंसा मिला। पुलिस और आरपीएफ की टीम ने काफी मशक्कत के बाद शव को इंजन से बाहर निकलवाया।

हादसे के चलते 55061 पैसेंजर ट्रेन करीब आधे घंटे तक घटनास्थल पर खड़ी रही। आवश्यक कार्रवाई पूरी होने के बाद ट्रेन को लखनऊ के लिए रवाना किया गया। थानाध्यक्ष सन्तोष सिंह ने बताया आसपास के लोगों और अन्य माध्यमों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस मृतक की पहचान कराने के साथ ही हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है।

