वाराणसी में तेज रफ्तार कार ने कांवड़ियों को रौंदा, एक की मौत; तीन गंभीर घायल

वाराणसी में तेज रफ्तार कार ने कांवड़ियों को रौंदा, एक की मौत; तीन गंभीर घायल

वाराणसी। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जनपद के चौबेपुर थाना क्षेत्र के कैथी स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार सुबह तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे सुस्ता रहे कांवड़ियों को रौंद दिया। हादसे में एक कांवड़िये की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान वाराणसी के काल भैरव निवासी विनीत तिवारी (25) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार वाराणसी कोतवाली क्षेत्र निवासी आशीष चौधरी, रितेश पासी और सागर तथा कालभैरव क्षेत्र के विनीत तिवारी रविवार देर रात कैथी स्थित मार्कंडेय महादेव मंदिर में जलाभिषेक के लिए पैदल निकले थे। चारों अन्य कांवड़ियों के साथ कैथी के समीप पहुंचे और राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे एक अस्पताल के सामने कुछ देर सुस्ताने लगे।

इसी दौरान वाराणसी की ओर से आई तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बैठे कांवड़ियों को रौंदते हुए निकल गई। हादसे में विनीत तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आशीष, रितेश और सागर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी। चौबेपुर पुलिस ने घायलों को तत्काल पांडेयपुर स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत को देखते हुए दो घायलों को बेहतर उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया।

सारनाथ एसीपी विनय द्विवेदी ने बताया कि घायलों का उपचार चल रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के बाद फरार कार चालक की तलाश समेत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उधर, विनीत की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *