फर्रुखाबाद में भीषण सड़क हादसा, आमने-सामने भिड़ीं दो बाइकें; अस्पताल पहुंचते ही युवक की मौत

फर्रुखाबाद में भीषण सड़क हादसा, आमने-सामने भिड़ीं दो बाइकें; अस्पताल पहुंचते ही युवक की मौत

फर्रुखाबाद। फर्रुखाबाद के शमसाबाद कस्बे में दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत में एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे लोहिया अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद दूसरा बाइक सवार मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे लोहिया अस्पताल रेफर किया गया। लोहिया अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

थाना शमसाबाद के मोहल्ला दलमीर खां निवासी संजय राजपूत (45) रविवार शाम ढाईघाट से बाइक से अपने घर लौट रहे थे। बताया गया कि ढाईघाट मार्ग पर लक्ष्मी दूध डेयरी के निकट सामने से आ रहे एक अज्ञात बाइक सवार से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि संजय बाइक से उछलकर सड़क किनारे बनी नाली में जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद दूसरा बाइक सवार मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने हादसे की सूचना थाना पुलिस और संजय के परिजनों को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सचिन चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल संजय को अपनी जीप से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शमसाबाद पहुंचाया। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अलीम अंसारी ने संजय की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। लोहिया अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद संजय को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

परिजनों के अनुसार संजय दिल्ली में एक निजी फैक्ट्री में काम करते थे। उनके दो बेटे रोहित और रोहन तथा पांच बेटियां आरती, पल्लवी, प्रिया, गायत्री और लाली हैं। उनकी पत्नी रामसखी और मां भगवती देवी का रो रो कर बुरा हाल है। संजय चार भाइयों में सबसे बड़े थे।

हादसे के बाद पुलिस ने फरार बाइक सवार की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस घटना की जांच के साथ दुर्घटना के कारणों और दूसरे बाइक सवार की पहचान का प्रयास कर रही है। थानाध्यक्ष सचिन चौधरी ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *