प्रयागराज पुलिस में बड़ा फेरबदल, 7 ACP समेत 19 इंस्पेक्टर-दारोगाओं के कार्यक्षेत्र बदले

प्रयागराज पुलिस में बड़ा फेरबदल, 7 ACP समेत 19 इंस्पेक्टर-दारोगाओं के कार्यक्षेत्र बदले

प्रयागराज। कमिश्नरेट प्रयागराज में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया ने शुक्रवार को सहायक पुलिस आयुक्तों के कार्यक्षेत्र में बदलाव के साथ ही थाना प्रभारियों और अन्य पुलिस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में फेरबदल किया है। इस बदलाव के तहत सात सहायक पुलिस आयुक्तों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं, जबकि 19 निरीक्षक और उपनिरीक्षकों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। पुलिस विभाग के इस प्रशासनिक बदलाव से विभिन्न क्षेत्रों में पुलिसिंग को और बेहतर बनाने की उम्मीद है।

पुलिस आयुक्त की ओर से किए गए बदलाव में सहायक पुलिस आयुक्त रवि कुमार गुप्ता को कोतवाली/साइबर अपराध से हटाकर धूमनगंज एवं साइबर अपराध की जिम्मेदारी दी गई है। सहायक पुलिस आयुक्त निकिता श्रीवास्तव को यातायात एवं यूपी-112 से कोतवाली, महिला अपराध और यूपी-112 की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसी क्रम में सहायक पुलिस आयुक्त कुंजलता को झूंसी एवं महिला अपराध और लेखा से करछना, अरुण कुमार पराशर को थरवई से झूंसी तथा अजेंद्र यादव को धूमनगंज से थरवई भेजा गया है। सुनील कुमार सिंह को करछना से यातायात और नवागत सहायक पुलिस आयुक्त संदीप कुमार राय को यातायात एवं लेखा की जिम्मेदारी दी गई है।

थाना प्रभारियों में भी बदलाव

पुलिस प्रशासन ने थाना स्तर पर भी कई महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। अविनाश कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक पूरामुफ्ती को अपराध शाखा के विवेचना प्रकोष्ठ में भेजा गया है। राममूर्ति यादव को मऊआइमा से अपराध शाखा विवेचना प्रकोष्ठ और संतोष कुमार पांडेय को थरवई से अपराध शाखा विवेचना प्रकोष्ठ में स्थानांतरित किया गया है।

कृष्ण मोहन सिंह को खीरी से पुलिस लाइन, वीरेंद्र कुमार मिश्रा को होलागढ़ से पुलिस लाइन और ओम नारायण गौतम को साइबर अपराध थाने से पुलिस लाइन भेजा गया है। वहीं राकेश कुमार वर्मा को साइबर अपराध थाने से उतरांव का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है।

सतीश कुमार, वाचक पुलिस उपायुक्त गंगानगर को होलागढ़ का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। जगदीश कुशवाहा, अतिरिक्त निरीक्षक नवाबगंज को मऊआइमा की जिम्मेदारी दी गई है। पंकज सिंह को हंडिया से थरवई तथा रवेंद्र सिंह को साइबर अपराध थाने में कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है।

इसके अलावा चंद्र प्रकाश सिंह को अतिरिक्त निरीक्षक नैनी से फाफामऊ, विनय कुमार सिंह को थानााध्यक्ष उतरांव से पुलिस लाइन तथा आशीष सिंह को थानााध्यक्ष करेली से अपराध शाखा विवेचना प्रकोष्ठ भेजा गया है।

सच्चिदानंद सिंह, प्रभारी सर्विलांस सेल नगर जोन को करेली का थाना प्रभारी बनाया गया है। कुलदीप शर्मा को कौंधियारा से मांडा, अनिल कुमार पांडेय को करछना से कौंधियारा तथा वीर प्रताप सिंह, प्रभारी जन शिकायत निवारण प्रकोष्ठ गंगानगर जोन को खीरी का थाना प्रभारी बनाया गया है। शांतनु सिंह को फाफामऊ से पूरामुफ्ती का थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है।

पुलिस प्रशासन के इस व्यापक फेरबदल का उद्देश्य अधिकारियों की कार्यक्षमता और अनुभव का बेहतर उपयोग करते हुए कमिश्नरेट क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करना है। नई जिम्मेदारियों के साथ पुलिस अधिकारियों से अपराध नियंत्रण, त्वरित कार्रवाई, प्रभावी गश्त और आमजन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण को और बेहतर बनाने की उम्मीद है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *