महोबा में बड़ा जमीन फर्जीवाड़ा! स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के स्मारक की जमीन पर ‘अपात्रों’ को पट्टे देने का आरोप

महोबा में बड़ा जमीन फर्जीवाड़ा! स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के स्मारक की जमीन पर ‘अपात्रों’ को पट्टे देने का आरोप

महोबा। उत्तर प्रदेश के महोबा जनपद के सूपा गांव में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित हजारीलाल शुक्ल के स्मारक स्थल की जमीन पर फर्जीवाड़ा कर अमीर लोगों को पट्टे बांटे जाने का गंभीर मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने शुक्रवार को जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंप कर पट्टों को निरस्त कराने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

जनपद के सूपा गांव निवासी रमेश, करन सिंह, मुन्ना, दिलीप और हरदयाल समेत अन्य ग्रामीणों ने शुक्रवार को जिलाधिकारी गजल भारद्वाज को शिकायती पत्र सौंप कर बताया कि गांव व क्षेत्र की ऐतिहासिक व सांस्कृतिक धरोहर व ग्रामीणों की आस्था का केंद्र पंडित हजारीलाल शुक्ल स्वतंत्रता संग्राम सेनानी का स्मारक स्थल बना हुआ है। यह स्मारक सन् 1974 से स्थापित है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए बताया कि लेखपाल तेजराम वर्मा द्वारा बिना किसी मीटिंग, प्रबंध कमेटी या ग्राम सभा की अनुमति के चोरी-छिपे ग्राम पंचायत सदस्यों के फर्जी हस्ताक्षर बनाकर अपने लोगों को पट्टे कर दिए। पट्टा पाने वाले सभी लोग अपात्र हैं। इनमें से सभी पट्टाधारक करोड़ों की संपत्ति के मालिक हैं। चारपहिया वाहन और कई पक्के मकानों के मालिक भी हैं। नियम कानून ताक पर रखकर यह फर्जी पट्टे इसी वर्ष 27 फरवरी को स्वीकृत कराए गए हैं। जबकि कई पट्टाधारक पहले से ही पट्टा प्राप्त किए हुए हैं। ग्रामीणों ने इसे विधि के विपरीत बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और पट्टों को निरस्त करा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के स्मारक स्थल को सुरक्षित करने की मांग की है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *