जौनपुर। यूपी के जौनपुर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत शुक्रवार को पुलिस लाइन परिसर से प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों और कर्मचारियों द्वारा विशाल बाइक तिरंगा रैली निकाली गई। रैली को खेलकूद एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली पुलिस लाइन से शुरू होकर नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए कलेक्ट्रेट परिसर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा के पास पहुंचकर समाप्त हुई।

समापन अवसर पर राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव और विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह ‘प्रिंसू’ ने सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद शहीद स्तंभ पर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया गया।राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत अधिक से अधिक लोग अपने घरों पर तिरंगा फहराएं। शासन और प्रशासन की ओर से लगातार तिरंगे का वितरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जो लोग तिरंगा खरीदने में सक्षम हैं, वे स्वयं तिरंगा खरीदकर पूरे सम्मान के साथ अपने घर पर फहराएं।

एमएलसी बृजेश सिंह ने तिरंगे के सम्मान और उसकी मर्यादा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि तिरंगे की आन, बान और शान की रक्षा करे। तिरंगे को किसी गलत स्थान पर न रखा जाए और निर्धारित नियमों के अनुसार समय पर फहराने के साथ सम्मानपूर्वक उतारा जाए। उन्होंने कहा कि आज पूरा देश तिरंगामय हो रहा है। जनपद के गांवों, गलियों और चौराहों पर तिरंगा यात्राएं निकालकर लोगों को राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता के प्रति जागरूक किया जा रहा है।कार्यक्रम के समापन पर मुख्य विकास अधिकारी ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने लोगों से अपने घरों, कार्यालयों और प्रतिष्ठानों पर अधिक से अधिक तिरंगा फहराने की अपील की। साथ ही तिरंगे की गरिमा और सम्मान बनाए रखने के लिए लोगों को जागरूक किया।

