मीरजापुर में बेटे के मुंडन की खुशियां मातम में बदलीं, खेत में मिला कमलेश का शव; सिर पर चोट से हत्या का शक

मीरजापुर में बेटे के मुंडन की खुशियां मातम में बदलीं, खेत में मिला कमलेश का शव; सिर पर चोट से हत्या का शक

मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर में बेटे के मुंडन संस्कार की खुशियां मातम में बदल गईं। सोमवार शाम घर से निमंत्रण देने निकले 37 वर्षीय कमलेश उर्फ छोटे कोरी का शव मंगलवार सुबह गांव के पास खेत में मिला। सिर पर चोट और कान से खून निकलने के निशान मिलने पर परिजनाें ने हत्या की आशंका जताते हुए हंगामा किया। पुलिस ने शव कब्जे में लेने का प्रयास किया, लेकिन परिजनों ने कार्रवाई की मांग को लेकर शव सौंपने से इनकार कर दिया। मामले की जांच में पुलिस और फॉरेंसिक टीम जुटी है।

घटना लालगंज कोतवाली क्षेत्र के दुबार कला गांव की वैसान बस्ती की है। स्वर्गीय राम गोविंद कोरी का पुत्र कमलेश मुंबई में वाहन चलाता था। बेटे के मुंडन संस्कार में शामिल होने के लिए वह करीब एक सप्ताह पहले गांव आया था। परिवार में समारोह की तैयारियां चल रही थीं।

सोमवार शाम कमलेश मुंडन का निमंत्रण देने अपने पट्टीदार राम सजीवन के घर गया था। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। परिजन ने उसकी तलाश की, लेकिन रात में कोई जानकारी नहीं मिली। मंगलवार सुबह गांव के पास खेत में उसका शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। शव की हालत देखकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। सिर पर चोट के निशान और कान से खून निकलने की बात सामने आने के बाद उन्होंने पुलिस से मामले का खुलासा कर आरोपिताें की गिरफ्तारी की मांग की। विरोध के चलते कुछ समय तक मौके पर तनाव की स्थिति बनी रही।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया जाएगा। रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *