बागपत में आस्था का सैलाब! परशुरामेश्वर महादेव मंदिर में 15 लाख कांवड़ियों ने किया जलाभिषेक, 3000 पुलिसकर्मी तैनात

बागपत में आस्था का सैलाब! परशुरामेश्वर महादेव मंदिर में 15 लाख कांवड़ियों ने किया जलाभिषेक, 3000 पुलिसकर्मी तैनात

बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत में श्रावण मास के पावन अवसर पर जनपद के बालैनी पुरा गांव स्थित परशुरामेश्वर महादेव मंदिर में मंगलवार तड़के 3 बजे के बाद पूजा-अर्चना और झंडारोहण के साथ जलाभिषेक का शुभारंभ हुआ। शिव चतुर्दशी के अवसर पर जैसे ही जलाभिषेक शुरू हुआ, वैसे ही लाखों शिवभक्तों की आस्था मंदिर परिसर में उमड़ पड़ी। सुबह से ही मंदिर में हर-हर महादेव के जयघोष गूंजते रहे और श्रद्धालु लंबी कतारों में लगकर भगवान शिव का जलाभिषेक करते नजर आए।

मंदिर के मुख्य पुजारी जय भगवान शर्मा ने बताया कि अब तक करीब 15 लाख कांवड़िये जलाभिषेक कर चुके हैं और शाम तक यह संख्या और बढ़ने की संभावना है। आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं। तीन दिवसीय कांवड़ मेले का समापन मंगलवार शाम को होगा।

मेले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखाई दिया। सोमवार रात एडीजी भानु भास्कर और एसपी बागपत ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मेले में लगभग तीन हजार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है, जो सुरक्षा व्यवस्था को सुचारू रूप से संभाल रहे हैं। जगह-जगह बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी और पुलिस की मुस्तैदी से व्यवस्था चाक-चौबंद रही।

वहीं, प्रशासन द्वारा स्वच्छता अभियान भी चलाया गया, जिससे मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र साफ-सुथरा बना रहा। इस बार बागपत के युवा अमन कुमार द्वारा तैयार किया गया कांवड़ ऐप भी श्रद्धालुओं के लिए काफी उपयोगी साबित हुआ। अब तक 25 हजार से अधिक कांवड़ियों ने इस ऐप का इस्तेमाल किया है, जिससे उन्हें मार्गदर्शन और सुविधाएं प्राप्त हुईं। लाखों कांवड़ियों को इस ऐप से लाभ मिला।

जिलाधिकारी बागपत अस्मिता लाल सुबह झंडा पूजन के बाद से मंदिर परिसर में ही रुकी हुई है। एसपी बागपत सूरज कुमार राय उनके साथ है जलाभिषेक के समय वह खुद व्यवस्थाओं को संभाले हुए हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *