गड्ढों में गुम हुआ फोरलेन! बारिश ने बढ़ाई औरैया-फफूंद मार्ग की मुसीबत, सालों से अधूरा पड़ा निर्माण

गड्ढों में गुम हुआ फोरलेन! बारिश ने बढ़ाई औरैया-फफूंद मार्ग की मुसीबत, सालों से अधूरा पड़ा निर्माण

औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद शहर को फफूंद से जोड़ने वाला औरैया-फफूंद फोरलेन मार्ग शेरपुर सरैया के पास बदहाल हो गया है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिनमें बारिश का पानी भरने से राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग वर्षों से अधूरा पड़ा होने के कारण लोगों में नाराजगी है। हालात यह हैं कि कई राहगीर अब परेशानी से बचने के लिए चक्कर काटकर औरैया आने-जाने को मजबूर हैं।

शेरपुर सरैया में सड़क पर बने गड्ढे और उनमें भरा पानी राहगीरों के लिए मुसीबत बन गया है। दोपहिया वाहन चालक आए दिन गड्ढों में गिरकर चोटिल हो रहे हैं। वहीं चार पहिया वाहनों को भी पानी और कीचड़ के बीच से निकलना पड़ रहा है। बारिश के दौरान स्थिति और अधिक खराब हो जाती है।

इस मार्ग से बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं भी प्रतिदिन आवागमन करते हैं। गड्ढों में भरे पानी से कई बार वाहनों के पहिए गुजरने पर कीचड़ उछलकर छात्रों की स्कूल ड्रेस पर पड़ जाता है। इसके चलते उन्हें वापस घर लौटना पड़ता है। अभिभावकों का कहना है कि सड़क की बदहाली से बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रहती है।

वर्षों से अधूरा पड़ा है मार्ग

औरैया-फफूंद मार्ग के सीसी फोरलेन का प्रस्ताव वित्तीय वर्ष 2015-16 में शासन से मंजूर हुआ था। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू भी हुआ, लेकिन बजट की कमी के चलते काम की रफ्तार धीमी पड़ गई। देवरपुर, शेरपुर सरैया और वमूंपुर गांव के कुछ लोगों द्वारा अधिक मुआवजे की मांग किए जाने के बाद मामला और उलझ गया। एक व्यक्ति द्वारा न्यायालय की शरण लिए जाने के कारण मामला अभी विचाराधीन है।

वर्ष 2018-19 में निर्माण कार्य बंद हो गया। इसके बाद कोरोना संक्रमण के कारण भी काम प्रभावित रहा। इस बीच निर्माण सामग्री और अन्य लागत बढ़ने के साथ ही परियोजना का बजट भी बढ़ गया। पहले परियोजना में वैट व्यवस्था लागू थी, जबकि अब जीएसटी लागू होने से लागत में बदलाव हुआ है। लोक निर्माण विभाग ने संशोधित लागत का प्रस्ताव शासन को भेजा है।

मार्ग की कुल लंबाई करीब 18 किलोमीटर बताई गई है। वर्तमान में इसका काफी हिस्सा सीसी मार्ग के रूप में तैयार है और प्रतिदिन करीब 800 से 1000 वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं। पढ़ीन गांव के पास पुल की अप्रोच रोड का काम भी अभी पूरा नहीं हुआ है।

लोक निर्माण विभाग की ओर से मार्ग का दोबारा एस्टीमेट बनाकर शासन को भेजे जाने की बात कही गई है। विभाग को उम्मीद है कि स्वीकृति मिलने के बाद जल्द निर्माण कार्य शुरू हो सकेगा। वहीं सदर विधायक गुड़िया कठेरिया ने भी विधानसभा में मार्ग के अधूरे निर्माण और पुलों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था।

राहगीरों ने की जल्द मरम्मत की मांग

शेरपुर सरैया के ग्रामीणों और राहगीरों ने जिलाधिकारी तथा लोक निर्माण विभाग से सड़क के बड़े गड्ढों को तत्काल भरवाने और जलभराव की समस्या दूर कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि पूरा मार्ग बनने में समय लग सकता है, लेकिन फिलहाल गड्ढों की मरम्मत कराकर आवागमन सुगम किया जाना बेहद जरूरी है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *