लोधेश्वर महादेव धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, एक लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

लोधेश्वर महादेव धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, एक लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

बाराबंकी। सावन मास के प्रथम सोमवार पर उत्तर भारत के प्रसिद्ध तीर्थस्थल श्री लोधेश्वर महादेव धाम में आस्था का अभूतपूर्व सैलाब उमड़ पड़ा। रविवार देर रात से ही मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए थे और भोर होते-होते पूरा महादेवा नगर “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से गूंज उठा। भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की करीब एक किलोमीटर लंबी कतार लगी रही। महिलाएं, पुरुष, बुजुर्ग और युवा हाथों में गंगाजल और पूजन सामग्री लेकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। श्रद्धालुओं की आस्था के आगे लंबा इंतजार भी छोटा नजर आया।

मंदिर के पुजारी आदित्य तिवारी ने बताया कि रविवार रात से ही श्रद्धालुओं का लगातार आगमन शुरू हो गया था। सोमवार देर रात तक जलाभिषेक और दर्शन का क्रम जारी रहने की संभावना है। उन्होंने बताया कि शाम तक एक लाख से अधिक श्रद्धालु भगवान लोधेश्वर महादेव के दर्शन और जलाभिषेक कर चुके थे तथा देर रात तक यह संख्या और बढ़ने की उम्मीद थी।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह और पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने संयुक्त रूप से लोधेश्वर महादेव मंदिर, मेला क्षेत्र और कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस पिकेट, बैरिकेडिंग, रूट डायवर्जन, पार्किंग व्यवस्था और पैदल मार्ग का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। अधिकारियों ने भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन और आपातकालीन सेवाओं को पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए।

मंदिर के मुख्य द्वार पर चौकी प्रभारी राजेश पांडे श्रद्धालुओं की आवाजाही पर नजर रखे हुए थे, जबकि मंदिर परिसर के भीतर थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह स्वयं पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था संभाले रहे। अपर पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी और क्षेत्राधिकारी रामनगर गरिमा पंत लगातार मेला क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे। वहीं उपजिलाधिकारी आकांक्षा गुप्ता और तहसीलदार विपुल कुमार सिंह श्रद्धालुओं से संवाद कर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते रहे।

रेल मार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बुढ़वल जंक्शन पर भी विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू रही। आरपीएफ प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि महादेवा जाने वाले मार्ग पर स्थित गेट संख्या-303 सहित पूरे स्टेशन परिसर में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है। स्टेशन के बाहर भी जवानों की तैनाती की गई ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में कोई परेशानी न हो। जीआरपी प्रभारी दुर्गेश कुमार ने बताया कि स्टेशन और आसपास के पूरे क्षेत्र में लगातार गश्त की जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।

दिनभर चलने वाले जलाभिषेक के दौरान मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में धार्मिक उत्साह, अनुशासन और प्रशासनिक सतर्कता का सुंदर समन्वय देखने को मिल रहा है। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और बेहतर प्रबंधन के बीच लाखों श्रद्धालु भगवान लोधेश्वर महादेव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *