सावन के पहले सोमवार पर नोएडा के शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, जलाभिषेक के लिए भक्तों की भारी भीड़

सावन के पहले सोमवार पर नोएडा के शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, जलाभिषेक के लिए भक्तों की भारी भीड़

नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोयडा में सावन के पहले सोमवार को लेकर शहर के प्रमुख शिवालयों और मंदिरों में आज सुबह से ही भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। हर- हर महादेव की गूंज के साथ भक्त मंदिरों में जलाभिषेक कर रहे हैं। भक्तों के अपार भीड़ को देखते हुए मंदिरों के समितियां ने अपनी पूरी तैयारी की है। पुलिस व्यवस्था भी की गई है। मंदिरों में स्वयंसेवकों की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, बैरिकेडिंग और पुलिस बल की व्यवस्था भी की गई है। वहीं, भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए कई मंदिरों ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर खुलने के समय में भी बदलाव किया गया है।

गौतम बुद्ध नगर के रबूपुरा क्षेत्र के भाई पूरा गांव स्थित नानकेश्वर मंदिर में आज सुबह से ही अपार भीड़ लगी हुई है। इस प्राचीन शिव मंदिर पर जलाभिषेक करने के लिए उत्तर प्रदेश के अलावा हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली से भी भारी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। इस मंदिर की काफी मान्यता है। वहीं बिसरख स्थिति रावण के शिव मंदिर में भी आज सुबह से ही हजारों की संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक करने के लिए पहुंच रहे हैं। मान्यता है कि इसी शिव मंदिर में रावण ने पूजा की थी। नोएडा के सेक्टर-44 स्थित छलेरा शिव मंदिर, वोडा महादेव मंदिर, शनि मंदिर समेत अन्य मंदिरों में भी विशेष रुद्राभिशेक, हवन व महाआरती की जा रही है।

सेक्टर-44 स्थित छलेरा शिव मंदिर में पहले सोमवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी है। मंदिर प्रबंधन के अनुसार, भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए आठ से दस स्वयंसेवकों की ड्यूटी लगाई गई है। मंदिर परिसर में लगे आठ सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है। सामान्य दिनों में मंदिर दोपहर 12 बजे तक खुला रहता है, लेकिन पहले सोमवार को श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए मंदिर दोपहर डेढ़ से दो बजे तक खुला रखा जाएगा।

सेक्टर-2 स्थित लाल मंदिर में पहले सोमवार को पांच रूद्राभिषेक किए जाएंगे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार और परिसर में की गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर के द्वार पूरे दिन खुले रहेंगे और रात 11 बजे तक दर्शन किए जा सकेंगे। सेक्टर 48 स्थित शिव मंदिर और सेक्टर 78 के अंतरिक्ष गोल व्यू- प्रथम स्थित मंदिर में भी आज सुबह से भक्तों का तांता लगा रहा। भक्त पहले सोमवार को शिवलिंग पर जलाभिषेक कर हर हर महादेव के जयकारे लगाते हुए देखे गए।

सेक्टर 40 स्थित शक्ति धाम मंदिर में भी सुबह से ही भारी संख्या में भक्त जलाभिषेक करने के लिए पहुंचे। मंदिर समिति के अध्यक्ष अरुण कालरा ने बताया कि जलाभिषेक के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। मंदिर के मुख्य पुजारी ज्ञान प्रकाश शास्त्री ने बताया कि मंदिर में रुद्राभिषेक के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। सेक्टर 27 के सनातन धर्म मंदिर में सुबह से ही हजारों की संख्या में भक्तों की भीड़ सावन के पहले दिन जलाभिषेक करने के लिए उमड़ी। मंदिर समिति के अध्यक्ष संजय बाली ने बताया कि भक्तों के जलाभिषेक करने और उनकी सुरक्षा को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है।

वहीं अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि मंदिरों पर कानून व्यवस्था के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। गौतम बुद्ध नगर में स्थित विभिन्न मंदिरों और कावड़ यात्रा को लेकर ढाई हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। पुलिस पल-पल पर नजर रखे हुए हैं। मंदिरों पर सादी वर्दी में भी महिला- पुरुष पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। गुप्तचर एजेंसियां भी पल-पल पर नजर रखे हुए हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *