औरैया में गौकशी मामले का वांछित आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, साथी फरार; पैर में लगी गोली

औरैया में गौकशी मामले का वांछित आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, साथी फरार; पैर में लगी गोली

औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में कोतवाली अजीतमल क्षेत्र में गौकशी प्रकरण से जुड़े एक वांछित आरोपित को तड़के पुलिस मुठभेड़ के दौरान गोली लग गई। उसका साथी फरार हो गया। घायल आरोपी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल में भर्ती कराया गया है।

यह कार्रवाई 30 जुलाई की रात दर्ज गौकशी के एक मामले से जुड़ी है। शुक्रवार रात भिखेपुर के पास पुलिस ने करीब 16 किलोग्राम संदिग्ध मांस के साथ एक नाबालिग को पकड़ा था। इसके बाद क्षेत्राधिकारी अजीतमल के निर्देशन में पुलिस ने दलेलनगर समेत कई स्थानों पर छापेमारी कर आरोपितों की तलाश शुरू की थी। बरामद मांस का नमूना पशु चिकित्साधिकारी डॉ. उमेश राजपूत द्वारा जांच के लिए मथुरा स्थित प्रयोगशाला भेजा गया है।

शनिवार तड़के प्रतापपुर अंडरब्रिज के पास पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाबरपुर की ओर से बाइक पर आ रहे दो संदिग्ध युवकों को रुकने का इशारा किया गया। दोनों ने बाइक मोड़कर भागने लगे, लेकिन कुछ दूरी पर ब्रेकर के कारण बाइक असंतुलित होकर गिर गये। इसके बाद एक आरोपित ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें रतनीपुर-जगदीशपुर, भीखेपुर निवासी मनोज कुमार के बाएं पैर में गोली लग गई। वहीं, उसका साथी राजा निवासी इस्लामनगर, बाबरपुर मौके से फरार हो गया।

घायल मनोज कुमार को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल पहुंचाया गया। पुलिस ने बताया कि वह गौकशी प्रकरण में वांछित था। फरार आरोपित राजा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा ने बताया कि प्रतापपुर अंडरब्रिज के पास वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक सवारों ने भागने का प्रयास किया। बाइक गिरने के बाद एक आरोपित ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस की कार्रवाई में मनोज कुमार घायल हो गया। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *