बिजनौर। उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर में जल जीवन मिशन (फेज-3) के अंतर्गत कार्यरत ऑपरेटर एवं गार्डों का लगभग छह माह से वेतन लंबित होने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक) ने अपर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर संबंधित एजेंसी से कर्मचारियों का बकाया वेतन शीघ्र दिलाने की मांग की है।

ज्ञापन में कहा गया है कि जनपद बिजनौर में जल जीवन मिशन (फेज-3) के अंतर्गत संचालित पेयजल योजनाओं पर कार्यरत करीब 800 ऑपरेटर एवं गार्डों का वेतन एजेंसी द्वारा पिछले छह माह से नहीं दिया गया है। इससे कर्मचारियों और उनके परिवारों के सामने गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है।

भाकियू (अराजनीतिक) ने बताया कि वर्ष 2026 में कंपनी द्वारा लिखित रूप से भुगतान किए जाने का आश्वासन भी दिया गया था, लेकिन अब तक कर्मचारियों को वेतन नहीं मिला। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द भुगतान नहीं कराया गया तो कर्मचारी संगठन के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन एवं संबंधित एजेंसी की होगी।
उधर बिजनाैर की जिलाधिकारी जसजीत काैर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित एजेंसी के प्रोजेक्ट मैनेजर को निर्देश जारी किए हैं कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत कार्यरत ऑपरेटर एवं गार्डों का लंबित वेतन तत्काल उपलब्ध कराया जाए। आदेश में कहा गया है कि वेतन भुगतान में लापरवाही के कारण पेयजल योजनाएं प्रभावित हो रही हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों की जलापूर्ति बाधित होने का खतरा बना हुआ है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय में भुगतान सुनिश्चित न करने पर एजेंसी के विरुद्ध श्रम कानूनों के तहत विधिक एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

