बांदा में जुए के अड्डे पर पुलिस का शिकंजा: मवई बाईपास से 8 जुआरी गिरफ्तार, ₹2.06 लाख नकद समेत लाखों का सामान बरामद

बांदा में जुए के अड्डे पर पुलिस का शिकंजा: मवई बाईपास से 8 जुआरी गिरफ्तार, ₹2.06 लाख नकद समेत लाखों का सामान बरामद

बांदा। अपराध एवं अपराधियों पर नियंत्रण तथा जुआ जैसे संगठित अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में कोतवाली देहात पुलिस ने मवई बाईपास रोड स्थित नशा मुक्ति केंद्र के पास संचालित जुए के फड़ पर बुधवार को छापा मारा। कार्रवाई के दौरान आठ जुआरियों को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार किया है।

कोतवाली देहात के थानाध्यक्ष संजीव कुमार चौबे ने गुरुवार को बताया कि बुधवार देर शाम मुखबिर से सूचना मिली थी कि मवई बाईपास रोड पर कुछ लोग हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर महोखर चौकी प्रभारी दुर्विजय सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और आठ जुआरियों को रंगे हाथ पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपितों में महोखर निवासीगण प्रिन्सू पुत्र सुरेश, विवेक पुत्र यशवीर राजेश पुत्र चंद्रभूषण, शिवप्रकाश पुत्र अरिमर्दन, अनूप पुत्र हरदयाल, अर्जुन पुत्र भगवान, शिवम पुत्र विक्रम तथा रंजीत पुत्र राजकिशोर निवासी राजपूत नगर शामिल हैं। पुलिस ने मौके से 52 ताश के पत्ते, मालफड़ की तलाशी में 2,06,610 रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल, तीन कारें तथा नौ मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि इस कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम में महोखर चौकी प्रभारी दुर्विजय सिंह, कांस्टेबल श्याम सुंदर यादव, राजेश राय, विकास सिंह, अंकेश कुमार, उमेश कुमार यादव एवं आकाश कुमार रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *