अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस पर पीएम मोदी का संदेश, बोले- बाघ संरक्षण में भारत की भूमिका दुनिया के लिए बनी मिसाल

अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस पर पीएम मोदी का संदेश, बोले- बाघ संरक्षण में भारत की भूमिका दुनिया के लिए बनी मिसाल

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस के अवसर पर देशवासियों और वन्यजीव प्रेमियों को शुभकामनाएं देते हुए बाघ संरक्षण के प्रति भारत की प्रतिबद्धता दोहराई है। उन्होंने कहा कि भारत को इस बात पर गर्व है कि दुनिया के लगभग 70 प्रतिशत बाघ हमारे देश में निवास करते हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर कहा कि भारत में बाघ संरक्षण के प्रयास प्रकृति के साथ सामंजस्यपूर्ण जीवन जीने की हमारी सदियों पुरानी संस्कृति और जनभागीदारी की भावना से प्रेरित हैं। विज्ञान आधारित संरक्षण, सामुदायिक सहभागिता और सतत विकास के माध्यम से देश बाघ संरक्षण को और अधिक मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

उन्होंने बाघ संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले वन कर्मियों, वैज्ञानिकों और संरक्षणवादियों के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उनके अथक प्रयासों से भारत ने इस क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार स्थानीय समुदायों को सशक्त बनाने और मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने के लिए भी प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि सामूहिक प्रयासों से भारत जैव विविधता संरक्षण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करता रहेगा।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *