बागपत। जनपद की सिंघावली अहीर पुलिस ने सोमवार सुबह गौकशी के दो आरोपितों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किए है। दोनों आरोपित पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भर्ती कराया है।

थाना सिंघावली अहीर पुलिस को 19 जुलाई को एक शिकायत मिली थी कि अज्ञात लोगों ने गौवंशीय पशु का वध कर उसके अवशेष रजवाहा (बम्बा) में फेंक दिए हैं। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

सोमवार को पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिंघावली अहीर पुलिस ग्राम बिलौचपुरा के जंगल में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध सेंट्रो कार (डी एल -5 सीई-5465) को रोकने का प्रयास किया गया। कार सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपित घायल हो गए और मौके पर ही दबोच लिए गए।
पुलिस ने आरोपितों की पहचान मेरठ जिले के लिसाड़ी निवासी साकिर और वसीम के रूप में की है। दोनों के कब्जे से 315 बोर के दो अवैध तमंचे, जिंदा व खोखा कारतूस, घटना में प्रयुक्त कार, गोवध के उपकरण और एक प्रतिबंधित पशु बरामद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय का कहना है जनपद में गौकशी रोकने के निदेश दिए हुए है। जो भी इस तरह की कायराना घटना को अंजाम देगा उस पर पुलिस सख्त कारवाई करेगी।

