बहराइच। उत्तर प्रदेश में हराइच जिले के खैरीघाट थाना क्षेत्र के गुजराती पुरवा गांव में सोमवार सुबह एक नवविवाहिता का शव कमरे के भीतर फांसी के फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने तत्काल फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया। टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतका की पहचान 20 वर्षीय रियाशी, पत्नी अंकुल, निवासी गुजराती पुरवा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, उसकी शादी लगभग एक वर्ष पूर्व हुई थी। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

