सोनभद्र। उत्तर प्रदेश में साेनभद्र जिले के बभनी थाना क्षेत्र में पुलिस टीम ने शनिवार तड़के मुठभेड़ के बाद दो लुटेरे को गिरफ्तार कर लिया है। इस दौरान एक लुटेरे के पैर में गोली लगी है, जिसकी हालत खतरे से बाहर है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी ने शनिवार को बताया कि भोर में पुलिस टीम शीशटोला जंगल में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी बीच एक बाइक पर दो संदिग्ध व्यक्ति आते हुए दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रूकने के लिए बोला, लेकिन वह पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास करने लगे।

पुलिस टीम ने भी आत्मरक्षार्थ फायरिंग की, जिसमें एक लुटेरे के पैर में गोली लगी और घायल हाेकर जमीन पर गिर पड़ा। इसी बीच दुसरा आरोपित भागने लगा, लेकिन उसे घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम ने दोनों अभियुक्तों के कब्जे से अवैध देशी तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस, लूट की घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल एवं नगदी बरामद किया है। बदमाशाें की पहचान मध्य प्रदेश के सिंगराैली निवासी रमेश साकेत व मनोज साकेत के रूप में हुई है। रमेश साकेत के पैर में गोली लगी है, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
क्षेत्राधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार लुटेराें ने 18 जुलाई को शीशटोला जंगल में कुलधीर कुमार निवासी ग्राम चपकी के उपर चाकू से हमला कर सोने-चांदी के आभूषण एवं 40 हजार रुपये से भरा बैग लूटकर फरार हो गए थे। इसके बाद से दाेनाें की तलाश की जा रही थी। पुलिस ने दाेनाें काे गिरफ्तार कर लिया। बदमाश मनोज साकेत पर पूर्व में 13 और रमेश साकेत पर एक आपराधिक मामले दर्ज है। आरोपिताें के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

