नोएडा। जिले में थाना सेक्टर- 113 क्षेत्र के परथला गांव के पास शुक्रवार की मध्य रात्रि को हुए एक सड़क हादसे में कार चालक ने बाइक में टक्कर मार दिया। इस घटना में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई है। मौके पर भारी संख्या में लोग इकट्ठे हो गए। उन्होंने कार चालक को पकड़ लिया। लोगों ने कार चालक के साथ जमकर मारपीट की तथा पुलिस के हवाले कर दिया।

थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि आदित्य (28) मध्य रात्रि को बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। तभी परथला गांव के पास एक कार के चालक ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दिया। उन्होंने बताया कि इस घटना में आदित्य की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि आसपास के लोगों ने कार चालक चिराग को पकड़ लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस शव का पोस्टमार्टम करवा रही है।


