बहराइच में तेंदुए का आतंक बरकरार, दो दिन में तीन मवेशियों का शिकार; ग्रामीणों में दहशत

बहराइच में तेंदुए का आतंक बरकरार, दो दिन में तीन मवेशियों का शिकार; ग्रामीणों में दहशत

बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग की निशानगाड़ा रेंज अंतर्गत महसी ब्लॉक के शुबंशपुरवा गांव में तेन्दुए का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बीती रात एक बकरी काे शिकार बना लिया। पिछले दो दिनों में तेन्दुए ने तीन मवेशियों को अपना शिकार बना लिया, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लगातार हो रहे हमलों के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त तेज कर दी है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

ग्रामीणों के अनुसार बीती रात तेन्दुआ गांव निवासी जय नारायण के बाड़े में घुस गया और वहां बंधी बकरी को मार डाला। इससे पहले भी इसी परिवार की एक अन्य बकरी तेन्दुए का शिकार बन चुकी है। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीण रात के समय घरों से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही रेंजर शिवप्रसाद के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम में वन रक्षक अब्दुल सलाम भी शामिल रहे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर ग्रामीणों को सतर्क रहने और सुरक्षा संबंधी आवश्यक निर्देश दिए।

वन क्षेत्राधिकारी शिवप्रसाद ने बताया कि तेन्दुए की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। वन विभाग की टीमें गश्त कर रही हैं तथा गांव के आसपास निगरानी बढ़ा दी गई है। उन्होंने ग्रामीणों से शाम के बाद अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने, बच्चों को अकेला न छोड़ने और मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर बांधने की अपील की है। लगातार बढ़ रही घटनाओं ने ग्रामीणों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेन्दुए को जल्द पकड़ने और क्षेत्र में स्थायी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *