मुजफ्फरनगर में बयान देकर लौट रही युवती का पति पर अपहरण का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

मुजफ्फरनगर में बयान देकर लौट रही युवती का पति पर अपहरण का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

मोरना (मुजफ्फरनगर)। भोपा थाना क्षेत्र में एक विवाहिता के कथित अपहरण का मामला सामने आया है। पुलिस अधिकारी के समक्ष बयान दर्ज कराने के बाद अपनी मौसी के साथ घर लौट रही युवती को रास्ते में रोककर मारपीट करने और जबरन साथ ले जाने का आरोप उसके पति व अन्य लोगों पर लगाया गया है। घटना के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया। पीड़िता की मौसी ने थाने पहुंचकर तहरीर देते हुए युवती की सकुशल बरामदगी की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

भोपा थाना क्षेत्र के गांव निरगाजनी निवासी बॉबी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी भांजी जानवी का अपने पति के साथ पारिवारिक विवाद चल रहा है। इसी सिलसिले में मंगलवार शाम वह अपनी भांजी के साथ पुलिस अधिकारी के समक्ष बयान दर्ज कराने गई थीं। बयान देने के बाद दोनों एक्टिवा से वापस गांव निरगाजनी लौट रही थीं।

आरोप है कि जब दोनों महिलाएं नहर पटरी मार्ग से गुजर रही थीं, तभी पीछे से आ रहे जानवी के पति, उसके मामा के लड़के तथा एक अज्ञात व्यक्ति ने उनकी एक्टिवा के आगे अपनी गाड़ी लगाकर रास्ता रोक लिया। इसके बाद आरोपियों ने दोनों महिलाओं के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इसी दौरान जानवी के पति और उसके साथ आए अज्ञात व्यक्ति ने जानवी को जबरन अपने साथ ले जाकर कथित रूप से उसका अपहरण कर लिया।

घटना के दौरान मौसी बॉबी ने साहस का परिचय देते हुए आरोपियों में शामिल जानवी के पति के मामा के लड़के को मौके पर ही पकड़ लिया। इसके बाद तत्काल डायल 112 पर सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और पकड़े गए आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी।

पीड़िता की मौसी ने पुलिस को बताया कि उन्हें अपनी भांजी की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता है। उन्होंने आशंका जताई कि जानवी के साथ कोई अप्रिय घटना हो सकती है। उन्होंने पुलिस से मांग की कि युवती को जल्द से जल्द सकुशल बरामद कर आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

भोपा थाना प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हो गई है। पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। युवती की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है और उसे शीघ्र सकुशल बरामद कर मामले में विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं परिजनों की नजर अब पुलिस की कार्रवाई पर टिकी है और वे युवती की सुरक्षित वापसी का इंतजार कर रहे हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *