उरई। कस्बा माधौगढ़ के मालवीय नगर में एक अधेड़ व्यक्ति ने अज्ञात कारणों के चलते गमछे का फंदा बनाकर फांसी पर लटक गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई।

मालवीय नगर निवासी राम स्वरूप (55) पिछले करीब चार माह से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे। परिजनों का कहना है कि इस दौरान उनके स्वभाव में काफी बदलाव आ गया था। वह अधिकतर चुपचाप रहते और किसी से बातचीत भी नहीं करते थे। परिवार उनका उपचार कराने और उनकी देखभाल में जुटा था।

रविवार देर रात को घर के अंदर उन्होंने गमछे का फंदा बनाया और फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। काफी देर तक जब वह दिखाई नहीं दिए तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान उनका शव फंदे से लटका मिला। यह दृश्य देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
सीओ अम्बुज सिंह का कहना है कि शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
