बरेली में गौकशी की कोशिश नाकाम, पुलिस मुठभेड़ में दो आरोपी गिरफ्तार; एक सिपाही भी घायल

बरेली में गौकशी की कोशिश नाकाम, पुलिस मुठभेड़ में दो आरोपी गिरफ्तार; एक सिपाही भी घायल

बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में भोजीपुरा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात पुलिस ने गौकशी के प्रयास को विफल करते हुए मुठभेड़ में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाही के दौरान बदमाशाें की फायरिंग में एक सिपाही भी घायल हुआ है। जबकि पुलिस की जवाबी कार्यवाही में दोनों आरोपितों के पैर में गोली लगी है।

पुलिस के मुताबिक, 20/21 जुलाई की दरमियानी रात मुखबिर से सूचना मिली कि थाना भोजीपुरा में पहले से दर्ज गोवध निवारण अधिनियम के मुकदमे में वांछित दो आरोपी तजुवा-मिलक करारा खड़ंजा मार्ग स्थित ग्राम मुड़िया हाफिज के पास एक खेत में गौवंशीय पशु को काटने की तैयारी कर रहे हैं। इस सूचना पर थाना प्रभारी कुँवर बहादुर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।

क्षेत्राधिकारी हाईवे देवेश सिंह ने बताया कि पुलिस टीम को देखकर आरोपितों ने खुद को घिरा पाकर अवैध तमंचों से फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से कांस्टेबल लक्की के बाएं हाथ में चोट आ गई। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों आरोपितों के पैर में गोली लगी और उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान धौराटांडा निवासी दानिश (27) पुत्र यासीन और फईम (30) पुत्र मोहम्मद यासीन के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से दो अवैध तमंचे 315 बोर, दो जीवित कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं।

घटनास्थल पर यूकेलिप्टिस के पेड़ से रस्सियों से बंधा एक जीवित बैल भी मिला, जिसके चारों पैर और मुंह बंधे हुए थे। पुलिस ने पशु को सुरक्षित मुक्त कराया। इसके अलावा मौके से दो लोहे की छुरियां, एक बांका, एक लोहे का दांव, लकड़ी का गुटका और रस्सियों के टुकड़े भी बरामद हुए हैं, जिनका इस्तेमाल गौकशी में किया जाना था।

घायल सिपाही और दोनों आरोपितों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भोजीपुरा भेजा गया। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ हत्या के प्रयास, गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और आयुध अधिनियम की धाराओं में नया मुकदमा दर्ज कर लिया है।

सीओ ने बताया कि पूछताछ में दोनों आरोपितों ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वे आर्थिक लाभ के लिए गौवंशीय पशुओं का वध कर मांस की तस्करी करते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि 18/19 जुलाई की रात धौराटांडा क्षेत्र के बिरहा तालाब के पास छह अन्य साथियों के साथ मिलकर गौवध की घटना को अंजाम दिया था और मांस बेचकर लाभ कमाया था।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, दोनों आरोपितों पर पहले से गोवध और अन्य आपराधिक मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस फरार अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *