मुज़फ्फरनगर। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नई मंडी पुलिस ने रविवार को मुठभेड़ के बाद दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी चोरी का सामान लेकर भाग रहे थे। घेराबंदी के दौरान उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरे को जंगल में घेराबंदी कर दबोच लिया गया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से चोरी के जले हुए बिजली के तारों से भरा रेहड़ा, एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध व्यक्ति स्कूटरनुमा रेहड़े में चोरी का बिजली का सामान लेकर नसीरपुर से गढ़ी मार्ग की ओर जा रहे हैं। सूचना पर थाना नई मंडी पुलिस ने संभावित मार्ग पर चेकिंग शुरू की। पुलिस ने जब रेहड़े को रुकने का संकेत दिया तो दोनों आरोपी रेहड़ा छोड़कर जंगल की ओर भागने लगे।

पुलिस का कहना है कि पीछा किए जाने पर आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में सरताज पुत्र सत्तार निवासी मदीना कॉलोनी, थाना सिविल लाइन, के पैर में गोली लग गई। उसका साथी फुरकान पुत्र अकबर निवासी हाजीपुर को जंगल में कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। मौके से बरामद रेहड़े में बड़ी मात्रा में जले हुए बिजली के तार मिले। पुलिस ने एक 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस भी बरामद किया है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने कथित रूप से बताया कि वे सूने मकानों और निर्माणाधीन भवनों से बिजली के तार चोरी करते थे। बाद में तारों को जलाकर उनमें से तांबा निकालकर कबाड़ियों को बेच देते थे।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, घायल आरोपी सरताज के खिलाफ चोरी, अवैध हथियार, गैंगस्टर एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में 12 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं फुरकान के खिलाफ भी चोरी के दो मुकदमे दर्ज बताए गए हैं और वह पहले से वांछित चल रहा था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल हैं तथा चोरी का माल किन लोगों को बेचा जाता था। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

