बहराइच। उत्तर प्रदेश के जनपद बहराइच में 12 वर्षीय बालक सुनील को मगरमच्छ जिंदा खा गया। घटना से घर में चीख पुकार मच गई। ग्रामीणों में दहशत का माहौल है । यह बालक खेत में धान की रोपाई करने के बाद नदी में हाथ पैर धुल रहा था, तभी नदी में मौजूद मगरमच्छ ने बच्चे के सिर को अपने जबड़े में दबोच लिया, बच्चे ने खुद को छुड़ाने का भरपूर प्रयास किया । मौके पर उसके चाचा और ग्रामीणों ने ईंट पत्थर भी मारे लेकिन मगरमच्छ ने बच्चे को नहीं छोड़ा। उसने दो तीन बार बच्चे को उछालकर पानी में पटका फिर गहरे पानी में खींच ले गया।

घटना गुरुवार शाम की है। इसका वीडियो भी शुक्रवार को सामने आया है। थाना प्रभारी टी एन मौर्य ने घटना को पुष्टि की है जबकि वन रेंजर शाकिब अंसारी ने बताया कि मगरमच्छ बच्चे का दाहिना पैर और कमर के नीचे का हिस्सा खा गया है। यह मामला बौंडी थाना क्षेत्र का है। ग्रामीणों के अनुसार 12 वर्षीय बालक सुनील दोपहर दो बजे के करीब अपने चाचा विजयराज सिंह के साथ खेत में धान की रोपाई करने के बाद देर शाम खेत से लौटते वक्त घाघरा नदी में हाथ पैर धुलने लगा। तभी अचानक नदी से मगरमच्छ निकला और सुनील को अपना निवाला बना लिया। यह देख चाचा ने शोर मचाया तो आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुँचे और बच्चे को छुड़ाने का काफी प्रयास किया लेकिन उसने बच्चे को नहीं छोड़ा।

ग्रामीणों ने नदी में तलाशी अभियान शुरू किया लेकिन बहाव अधिक होने के कारण बच्चे का पता नहीं चल सका। लगभग पांच घण्टे की कड़ी मशक्कत से चले तलाशी अभियान में रात दस बजे बच्चे का क्षत-विक्षत शव घटनास्थल से करीब 300 मीटर दूर नदी में उतराता मिला। शुक्रवार को सूचना पर पहुँची पुलिस ने शव को अन्त्य परीक्षण के लिए भेज दिया। उपजिलाधिकारी प्रकाश सिंह ने बताया कि घटना की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गयी है। परिवार को चार लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

