कानपुर देहात में विवाद सुलझाने पहुंची डायल-112 टीम पर पथराव, आरक्षी और होमगार्ड घायल, आरोपियों की तलाश तेज

कानपुर देहात में विवाद सुलझाने पहुंची डायल-112 टीम पर पथराव, आरक्षी और होमगार्ड घायल, आरोपियों की तलाश तेज

कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश में कानपुर देहात जिले में रूरा थाना क्षेत्र स्थित अमर सिंह का पुरवा गांव में गुरुवार की देर रात दो पक्षों के विवाद की सूचना पर पहुंची डायल-112 पुलिस टीम पर कुछ लोगों ने अचानक ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में एक आरक्षी और एक होमगार्ड घायल हो गए। सूचना मिलते ही थाना पुलिस और अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचकर गांव में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई।

थाना प्रभारी सुधीर भारद्वाज ने बताया कि गुरुवार देर रात करीब 10 बजे गांव निवासी भूरा सिंह ने डायल-112 पर मारपीट और विवाद की सूचना दी थी। सूचना पर पीआरवी में तैनात आरक्षी प्रेमराज शाक्य और होमगार्ड देवेंद्र दुबे मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाकर विवाद शांत कराने का प्रयास कर रहे थे। इस दौरान दूसरे पक्ष के कुछ लोगों ने अचानक पुलिस टीम पर ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। हमले में दोनों पुलिसकर्मी घायल हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी, पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रूरा भेजा, जहां उनका उपचार कराया गया। एहतियात के तौर पर गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने हमलावरों की पहचान कर ली है। आरोपिताें की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है, जल्द सभी गिरफ्तार किए जाएंगे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *