औरैया में खुले नाले ने ली तीन साल के मासूम की जान, सफाई के दौरान मिला शव, लोगों में आक्रोश

औरैया में खुले नाले ने ली तीन साल के मासूम की जान, सफाई के दौरान मिला शव, लोगों में आक्रोश

औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित मोहल्ला नारायणपुर में गुरुवार की शाम को खेलते समय नाले में गिरने से तीन वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई। शुक्रवार सुबह नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों ने नाले की सफाई के दौरान बच्चे का शव बरामद किया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने खुले नाले को लेकर नाराजगी जताई हैं।

मोहल्ला नारायणपुर निवासी हलवाई राहुल का तीन वर्षीय पुत्र रोशन गुरुवार शाम घर के बाहर खेलते समय अचानक लापता हो गया। परिजनों ने आसपास के लोगों की मदद से देर रात तक उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।

शुक्रवार सुबह करीब सात बजे नगर पालिका के सफाई कर्मचारी नाले की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें नाले में एक बच्चे का शव दिखाई दिया। कर्मचारियों ने तत्काल शव को बाहर निकालकर पहचान लापता रोशन के रूप में हुई।

मासूम की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया। सूचना पर सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया बच्चा नाले में गिरने से हादसे का शिकार हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना की जानकारी मिलने पर नगर पालिका अध्यक्ष अनूप गुप्ता भी मौके पर पहुंचे, जहां उन्हें स्थानीय लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। लोगों का आरोप था कि यदि नाले पर सुरक्षा के लिए पटिया या ढक्कन लगाया गया होता तो यह हादसा टल सकता था और मासूम की जान बच जाती।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *