कानपुर में पुलिस मुठभेड़: गोकशी कांड के दो आरोपी पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार, हथियार बरामद

कानपुर में पुलिस मुठभेड़: गोकशी कांड के दो आरोपी पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार, हथियार बरामद

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर जनपद के चौबेपुर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस और गोकशी के मामले में वांछित दो आरोपितों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपितों के पैरों में गोली लगी है। उसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। मौके से अवैध तमंचे, कारतूस, गोकशी में प्रयुक्त हथियार और घटना में इस्तेमाल की गई कार बरामद की गई।

पुलिस उपायुक्त पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी ने बताया कि सात जुलाई को चौबेपुर क्षेत्र में हुई गोकशी की घटना के खुलासे के लिए पुलिस लगातार आरोपितों की तलाश कर रही थी। देर रात सूचना मिली कि घटना में शामिल दो शातिर जादेपुर गांव की ओर मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन चेकिंग शुरू की। संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपित घायल हो गए।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कुली बाजार निवासी शाहनवाज और दलेलपुरवा निवासी मुबीन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार शाहनवाज पहले भी गोकशी के मामले में जेल जा चुका है। दोनों के कब्जे से दो अवैध 315 बोर तमंचे, जिंदा कारतूस, गोकशी में प्रयुक्त चाकू, चापड़ तथा घटना में इस्तेमाल की गई ब्रेजा कार बरामद की गई है।

पूछताछ में दोनों ने सात जुलाई को चौबेपुर क्षेत्र में हुई गोकशी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस को इस मामले में अन्य आरोपितों की भूमिका की भी जानकारी मिली है। उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस ने दोनों घायल आरोपितों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है और फरार आरोपितों की तलाश जारी है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *