कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में शिवराजपुर थाना क्षेत्र के मदनपुर गांव के बाहर स्थित कब्रिस्तान में रविवार को 32 एक युवक का शव पेड़ से फंदे पर लटका मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान मदनपुर गांव निवासी रंजीत यादव (32) के रूप में हुई है। बताया गया कि वह शनिवार देर रात घर से निकला था। आज सुबह खेतों की ओर गए ग्रामीणों ने कब्रिस्तान में एक पेड़ से उसका शव लटका देखा। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी गई।

ग्रामीणों का कहना है कि रंजीत पहले चाय-नाश्ते की दुकान चलाता था, लेकिन शराब की लत के कारण उसका कामकाज प्रभावित हो गया था। वर्तमान में वह बेरोजगार था। आर्थिक तंगी को लेकर परिवार में अक्सर विवाद होने की भी बात सामने आई है। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गया है।घटना की सूचना पर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शिवराजपुर थाना प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। फोरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


