मौत की पार्किंग बनी काल! मीरजापुर में खड़े ट्रकों से टकराई कार, बहू-ससुर की दर्दनाक मौत

मौत की पार्किंग बनी काल! मीरजापुर में खड़े ट्रकों से टकराई कार, बहू-ससुर की दर्दनाक मौत

मीरजापुर। कछवां थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर कटका गोदाम (पड़ाव) के पास सड़क किनारे खड़ी ट्रकों की लंबी कतार एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। शुक्रवार देर शाम वाराणसी से इलाज कराकर लौट रहे एक परिवार की स्विफ्ट कार पीछे से खड़ी ट्रकों में जा भिड़ी। हादसे में 27 वर्षीय प्रगति खंडेलवाल और उनके 63 वर्षीय ससुर प्रभात अग्रवाल की मौत हो गई, जबकि कार चला रहे शिवम अग्रवाल मामूली रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, प्रतापगढ़ के चिलबिला निवासी शिवम अग्रवाल अपनी पत्नी प्रगति खंडेलवाल और कैंसर पीड़ित पिता प्रभात अग्रवाल का वाराणसी में उपचार कराकर घर लौट रहे थे। कटका गोदाम के पास सड़क किनारे खड़ी ट्रकों की कतार में उनकी कार पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और प्रगति खंडेलवाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

सूचना मिलते ही औराई प्रभारी थाना राजेश कुमार तथा कछवां थानाध्यक्ष अमरजीत चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल प्रभात अग्रवाल को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र औराई ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को हटवाकर यातायात बहाल कराया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद सड़क किनारे खड़े ट्रकों के चालक अपने वाहन लेकर मौके से फरार हो गए।

उल्लेखनीय है कि इसी स्थान पर करीब छह माह पूर्व भी सड़क किनारे खड़ी ट्रक में कार घुसने से पिता-पुत्र समेत चार लोगों की मौत हुई थी। लगातार हो रहे हादसों के बावजूद राजमार्ग किनारे अवैध रूप से खड़े ट्रकों पर प्रभावी रोक नहीं लग पाने से स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *