जनता दर्शन में अनोखी पहल: शिकायत सुनने के साथ फिरोजाबाद डीएम ने हर फरियादी को दिया पौधा, पर्यावरण संरक्षण का दिलाया संकल्प

जनता दर्शन में अनोखी पहल: शिकायत सुनने के साथ फिरोजाबाद डीएम ने हर फरियादी को दिया पौधा, पर्यावरण संरक्षण का दिलाया संकल्प

फिरोजाबाद। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित ‘जनता दर्शन‘ कार्यक्रम बृहस्पतिवार को एक बेहद खास और प्रेरणादायक अभियान में बदल गया। अपनी समस्याओं को लेकर दूर-दराज से आए प्रत्येक नागरिकाें को जिलाधिकारी ने न केवल धैर्यपूर्वक सुना, बल्कि समस्या के त्वरित निस्तारण के निर्देश देने के साथ-साथ एक अनोखा उपहार पौधा भी भेंट किया।

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने जनता दर्शन में आने वाले प्रत्येक नागरिक को सम्मानपूर्वक एक-एक पौधा (वृक्ष) प्रदान किया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य जनपद वासियों के भीतर पर्यावरण के प्रति गहरी जागरूकता पैदा करना और उन्हें प्रकृति के महत्व से सीधे जोड़ना है।

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि ‘जनता दर्शन में लोग अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर आते हैं, लेकिन आज मैं चाहता हूँ कि हर नागरिक यहाँ से अपने घर खुशहाली और जीवन का एक नया संकल्प लेकर जाए। यह पौधा महज एक उपहार नहीं है, बल्कि एक जिम्मेदारी है।‘

‘आज प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जिस तेजी से बढ़ रहे हैं, उसे देखते हुए सिर्फ शासन प्रशासन के भरोसे बैठना काफी नहीं है। जब तक हर एक नागरिक पर्यावरण की रक्षा को अपना व्यक्तिगत कर्तव्य नहीं मानेगा, तब तक हम आने वाली पीढ़ी को एक स्वस्थ कल नहीं दे पाएंगे। मेरी पूरी जनपद वासियों से अपील है कि इस मानसून सत्र में आप सब कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं, उसकी संतान की तरह देखभाल करें और इस धरती को हरा-भरा बनाने में अपना योगदान दें। जब एक पौधा बड़ा होकर वृक्ष बनेगा, तो वह सिर्फ ऑक्सीजन नहीं देगा, बल्कि आपके आँगन में खुशहाली और आशीर्वाद बनकर लहकेगा।‘

कलेक्ट्रेट में आए नागरिकों के लिए यह एक बेहद सुखद और विस्मयकारी अनुभव था। अपनी शिकायत लेकर आए ग्रामीणों और शहरी निवासियों ने जब जिलाधिकारी के हाथों में पौधे देखे, तो उनके चेहरों पर एक अलग ही चमक आ गई। सभी नागरिकों ने जिलाधिकारी को आश्वस्त किया कि वे इस पौधे को अपने घर, खेत या आँगन में पूरी श्रद्धा के साथ रोपेंगे और इसके बड़े होने तक इसकी पूरी देखरेख करेंगे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *