मीरजापुर। ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र में रविवार देर रात चोरों ने एक सर्राफा दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया। हैरत की बात यह रही कि चोर दुकान के भीतर रखी पूरी आलमारी ही उठाकर करीब 100 मीटर दूर ले गए, वहां उसका ताला तोड़कर जेवर निकाल लिए और खाली आलमारी सड़क किनारे झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए।

हलिया कस्बा निवासी सतीश कुमार अग्रहरि की ऊंटी गांव स्थित गड़बड़ा पुल के पास किराए के मकान में आभूषण की दुकान है। रविवार की रात चोरों ने दुकान का शटर खोलकर भीतर रखी आलमारी उठा ली और उसे नैड़ी अदवा (पवांरी कलां) मार्ग पर ले जाकर तोड़ दिया। आलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण निकालने के बाद उसे झाड़ियों में फेंक दिया।

सोमवार सुबह मझिगवां गांव निवासी वीरू मौर्य ने सड़क किनारे टूटी आलमारी और दुकान का खुला शटर देखकर दुकानदार को सूचना दी। सूचना मिलते ही दुकानदार मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
सूचना पर एसआई पुनीत कुमार गुप्ता, एसआई मनोज कुमार राय, एसआई शिवाकांत पांडेय तथा रमेश यादव मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। दुकानदार सतीश कुमार अग्रहरि ने बताया कि चोरी हुए सोने-चांदी के आभूषणों की कीमत लगभग चार लाख रुपये है।
घटना की जानकारी मिलने पर प्रधान संघ अध्यक्ष शिव बाबू सेठ भी मौके पर पहुंचे और पुलिस से जल्द से जल्द चोरी का खुलासा करने की मांग की। पीड़ित दुकानदार ने अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
प्रभारी थानाध्यक्ष पुनीत कुमार गुप्ता ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

