जालौन में दर्दनाक हादसा! बैक होती ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आया 8 वर्षीय मासूम, मौके पर हुई मौत

जालौन में दर्दनाक हादसा! बैक होती ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आया 8 वर्षीय मासूम, मौके पर हुई मौत

उरई। उत्तर प्रदेश के जनपद जालाैन के कैलिया थाना क्षेत्र के कूंड़ा गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में आठ वर्षीय मासूम अमन की जान चली गई। गांव में मिट्टी भराई का कार्य चल रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर चालक ट्रॉली को बैक कर रहा था, तभी खेलते-खेलते वहां पहुंचा मासूम ट्रॉली के पहिए की चपेट में आ गया। हादसा इतना भयावह था कि बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजन भी दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। मासूम का शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सूचना मिलने पर कैलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही हादसे के संबंध में जांच शुरू कर दी है। मृतक के भाई विजय ने बताया कि अमन गांव में खेल रहा था। इसी दौरान मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पीछे की ओर आ रही थी और चालक को बच्चे के होने का पता नहीं चल सका। देखते ही देखते ट्रॉली का पहिया अमन के ऊपर चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। थाना प्रभारी अवनीश पटेल का कहना है कि तहरीर के आधार पर विधिक कार्यवाही की जाएगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *