काशी में डिम्पल यादव की गुपचुप पूजा! बाबा कालभैरव के दरबार पहुंचीं, अखिलेश परिवार की धार्मिक यात्रा बनी चर्चा का विषय

काशी में डिम्पल यादव की गुपचुप पूजा! बाबा कालभैरव के दरबार पहुंचीं, अखिलेश परिवार की धार्मिक यात्रा बनी चर्चा का विषय

वाराणसी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के परिवार की काशी यात्रा इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। इसी क्रम में उनकी पत्नी एवं सांसद डिम्पल यादव ने सोमवार देर शाम काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव के दरबार में पहुंचकर विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया।

मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच डिम्पल यादव ने बाबा कालभैरव की पूजा-अर्चना की तथा विग्रह की परिक्रमा कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की। उनके मंदिर पहुंचने की जानकारी न तो स्थानीय पार्टी नेताओं को थी और न ही कार्यकर्ताओं को। मंगलवार को दर्शन-पूजन की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उनके आगमन की जानकारी पार्टी कार्यकर्ताओं को मिली।

इससे पहले सपा प्रमुख अखिलेश यादव के पुत्र अर्जुन यादव तथा पुत्री टीना यादव ने मछलीशहर की सांसद प्रिया सरोज के साथ श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और संकटमोचन मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद उन्होंने गंगा घाटों का भ्रमण किया, नौकायन का आनंद लिया और बनारसी मिठाइयों का स्वाद भी चखा।

सोमवार शाम को अखिलेश यादव की पुत्रियां टीना यादव और अदिति यादव ने सांसद प्रिया सरोज के साथ दशाश्वमेध घाट पर मां गंगा का पूजन किया तथा गंगा सेवा निधि द्वारा आयोजित विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती में शामिल होकर उसका आनंद लिया।

अखिलेश यादव के परिवार की यह धार्मिक यात्रा सोशल मीडिया पर लगातार सुर्खियां बटोर रही है। उल्लेखनीय है कि सांसद डिम्पल यादव के वाराणसी आगमन और मंदिर दर्शन की पूर्व सूचना समाजवादी पार्टी की जिला एवं महानगर इकाई के पदाधिकारियों को भी नहीं थी, जिससे उनके दर्शन-पूजन का कार्यक्रम पूरी तरह गोपनीय बना रहा।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *