कानपुर में महिला से मंगलसूत्र लूटने वाले बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार! दो के पैर में लगी गोली, तीसरा भी दबोचा गया

कानपुर में महिला से मंगलसूत्र लूटने वाले बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार! दो के पैर में लगी गोली, तीसरा भी दबोचा गया

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में गुजैनी थाना क्षेत्र अंतर्गत बीती 21 जून को महिला से मंगलसूत्र और चेन लूटकर घर से भी जेवर मंगवाने की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने मंगलवार को खुलासा कर दिया। फतेहपुर दक्षिण मार्ग पर हुई पुलिस मुठभेड़ में अंतरजनपदीय गैंग के दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि उनका तीसरा साथी भाग निकला, जिसे बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। मौके से लूट का माल, अवैध तमंचे, कारतूस और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद हुई।

पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने मंगलवार को बताया कि बनपुरवा-फतेहपुर दक्षिण मार्ग पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी फायरिंग में मोहम्मद अकरम और जावेद अख्तर उर्फ चिकना के पैर में गोली लगी और दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। तीसरा आरोपित अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला था, जिसे बाद में पुलिस ने दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपितों ने 21 जून को गुजैनी क्षेत्र में महिला से मंगलसूत्र और चेन लूटने तथा उसे धमकाकर घर से भी जेवर मंगवाने की वारदात कबूल की। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटे गए जेवर, एक मोटरसाइकिल, दो अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किए हैं।

जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार बदमाश अंतरजनपदीय गिरोह के सदस्य हैं। इनके खिलाफ कानपुर, हमीरपुर, जालौन और कासगंज समेत कई जिलों में लूट, चोरी और अन्य गंभीर अपराधों के अनेक मुकदमे दर्ज हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *