वजन घटाने के नाम पर करोड़ों की साइबर ठगी का पर्दाफाश, गुरुग्राम में फर्जी कॉल सेंटर पर छापा; तीन महिलाएं गिरफ्तार

वजन घटाने के नाम पर करोड़ों की साइबर ठगी का पर्दाफाश, गुरुग्राम में फर्जी कॉल सेंटर पर छापा; तीन महिलाएं गिरफ्तार

गुरुग्राम। साइबर अपराध पश्चिम थाना पुलिस ने वजन कम करने के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ करते हुए तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। उद्योग विहार फेज-5 स्थित कॉल सेंटर पर छापेमारी के दौरान पुलिस ने 102 मोबाइल फोन, 150 सिम कार्ड, 12 लैपटॉप समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य बरामद किए हैं।

पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने रविवार को बताया कि एसीपी गौरव फोगाट के निर्देशन में थाना प्रबंधक निरीक्षक संदीप कुमार के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मंदीप निवासी आया नगर दिल्ली, नेहा निवासी रंगपुरी दिल्ली तथा वर्षा निवासी मैनपुरी, उत्तर-प्रदेश के रूप में हुई है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी कोरेट साइंस एंड वेलनेस नाम से फेसबुक और इंस्टाग्राम पर पेज बनाकर वजन कम करने की हर्बल दवाइयों के विज्ञापन चलाते थे। विज्ञापन पर क्लिक करने वाले लोगों को कॉल सेंटर से फोन कर आरोपी खुद को ब्यूटीशियन, डाइटिशियन और डॉक्टर बताकर गुमराह करते थे।

आरोपी लोगों को वजन कम करने की दवाइयां बेचते थे। दवा से वजन कम न होने पर 100 प्रतिशत रिफंड का झांसा देते थे। लेकिन रिफंड न देकर ग्राहकों को ब्लॉक कर देते थे।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने गुजरात में लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी की है। इसके अलावा अन्य राज्यों में भी वजन कम करने की दवाओं के नाम पर लोगों को ठगा गया।

जांच में पता चला कि ठगी में इस्तेमाल मोबाइल नंबर कंपनी के कर्मचारियों को आवंटित थे। पूरे नेटवर्क का नियंत्रण कंपनी के मैनेजर, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी, डायरेक्टर और अन्य सहयोगी कर रहे थे।

पुलिस ने मौके से ठगी में प्रयुक्त 102 मोबाइल फोन, 150 सिम कार्ड, 12 लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जब्त किए हैं।

थाना साइबर अपराध पश्चिम में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। साक्ष्यों के आधार पर सभी आरोपियों की भूमिका की गहनता से जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *