ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिला स्थित ग्रेटर नोएडा दादरी थाना क्षेत्र में फलों की ठेली लगाने वाले दो पक्षों के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना की सूचना मिलते ही दादरी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों पक्षों के चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि विवाद के बाद दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे के साथ मारपीट की। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया और आवश्यक पूछताछ के बाद कार्रवाई करते हुए प्रथम पक्ष से आसिफ पुत्र सईद, निवासी कस्बा एवं थाना दादरी, तथा नसीर पुत्र बाबू, निवासी कठहैरा रोड, दादरी को गिरफ्तार किया।

वहीं, दूसरे पक्ष से सुल्तान उर्फ अट्टू पुत्र बिल्लू, निवासी बिलासपुर, थाना दनकौर (वर्तमान पता नई आबादी, दादरी), तथा चाहत पुत्र भूरा, निवासी कठहेरा रोड, मेवातियान मोहल्ला, थाना दादरी, जनपद गौतमबुद्धनगर को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।
दादरी थाना पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के खिलाफ संबंधित धाराओं में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है। प्रारंभिक जांच में विवाद की वजह पैसों का लेन-देन सामने आया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

