अमेठी में रिसेप्शन समारोह बना हिंसा का मैदान: बच्चों के विवाद में मारपीट, युवक की मौत

अमेठी में रिसेप्शन समारोह बना हिंसा का मैदान: बच्चों के विवाद में मारपीट, युवक की मौत

अमेठी। उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद अंतर्गत कमरौली थाना क्षेत्र के पूरे मल्हाह मजरे बरसंडा गांव में मंगलवार की देर रात एक रिसेप्शन समारोह के दौरान बच्चों के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। लाठी-डंडों से हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार से पहले ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने छह नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चार को हिरासत में ले लिया है, जबकि दो आरोपित फरार बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार मंगलवार देर रात गांव में आयोजित रिसेप्शन समारोह में डांस के दौरान एक बच्चे की शर्ट फट जाने को लेकर बच्चों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के परिजन भी विवाद में कूद पड़े और मामला हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने लगे, जिससे समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मारपीट के दौरान ओमप्रकाश चौहान गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पत्नी सीतापती की तहरीर पर पुलिस ने सहजराम पुत्र मथुरा, लल्लन पुत्र सहजराम, परसनाथ पुत्र सहजराम, लक्ष्मी पुत्री लल्लन, विष्णु पुत्र सहजराम तथा बालक लाल पुत्र सहजराम निवासी पूरे मल्हाह मजरे बरसंडा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

थाना प्रभारी मुकेश पटेल ने बुधवार को बताया कि मामले में चार आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश जारी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं विवेचना के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर निगरानी की जा रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *