देवरिया में धार्मिक झंडे को लेकर दो समुदाय आमने-सामने, पुलिस ने संभाला मोर्चा; 9 गिरफ्तार

देवरिया में धार्मिक झंडे को लेकर दो समुदाय आमने-सामने, पुलिस ने संभाला मोर्चा; 9 गिरफ्तार

देवरिया उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में बनकटा थाना क्षेत्र के कल्याण नरहिया गांव में धार्मिक झंडा लगाने को लेकर दो समुदायों के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। समय रहते पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया। शांति भंग की आशंका के मद्देनजर दोनों पक्षों से बुधवार को नौ लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि गांव में एक धार्मिक स्थल के समीप एक समुदाय के लोगों द्वारा धार्मिक झंडा लगाया गया था। इसके विरोध में दूसरे समुदाय के लोगों ने भी अपने धार्मिक प्रतीक स्थल के पास झंडा स्थापित कर दिया। इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ने लगा और गांव का माहौल तनावपूर्ण हो गया।

सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने दोनों पक्षों से बातचीत कर हालात को संभाला तथा दोनों स्थानों से झंडे हटवाकर स्थिति को सामान्य किया। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, विवाद जिस भूमि को लेकर सामने आया है वह बचत की जमीन बताई जा रही है, जहां एक धार्मिक स्थल स्थित है। इसी भूमि के एक हिस्से पर दूसरे समुदाय के व्यक्ति का पट्टा और मकान होने की बात भी सामने आई है। खाली पड़ी जमीन पर कब्जे को लेकर भी विवाद की चर्चा है।

एएसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि गांव के संभ्रांत लोगों और दोनों पक्षों के प्रतिनिधियों से वार्ता कर माहौल शांत करा दिया गया है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी कि कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने या माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *