औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में फफूंद थाना क्षेत्र में सूने एक मकान को चोरों ने निशाना बनाया और लाखों रुपये जेवरात चोरी कर भाग निकले। चोर घर में रखे तीन गैस सिलेंडर भी चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी होने पर पुलिस मंगलवार की सुबह मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी।

फफूंद के ग्राम तरई निवासी मदन कुशवाहा ने बताया कि वह गुड़गांव में माली का कार्य करता है और वहीं पत्नी सीमा देवी व दो बच्चों के साथ रहते हैं। गांव स्थित घर में ताला लगा रहता था। मंगलवार सुबह करीब सात बजे वह परिवार सहित गांव स्थित अपने घर पहुंचे। घर का मुख्य दरवाजा खोलते ही अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए।

पीड़ित के अनुसार, घर के अंदर सभी कमरों के दरवाजे खुले पड़े थे। सेफ का लॉक ( ताला) टूटा हुआ था, जबकि बक्से की कुंडी भी क्षतिग्रस्त मिली। जिनमें रखे लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और तीन गैस सिलेंडर गायब थे। आशंका जताई जा रही है कि चोर छत के रास्ते घर में घुसे और आराम से चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
घटना की सूचना पीड़ित ने डायल 112 और स्थानीय चौकी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ की।
इस संबंध में थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

