लखनऊ में भीषण गर्मी का कहर, आज लू का अलर्ट; अगले 5 दिन बारिश की संभावना नहीं

लखनऊ में भीषण गर्मी का कहर, आज लू का अलर्ट; अगले 5 दिन बारिश की संभावना नहीं

लखनऊ। राजधानी में भीषण गर्मी और उमस ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने रविवार को लू चलने की संभावना जताई है। बढ़ते तापमान के चलते लोग दिन के समय घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं।

मौसम विभाग के अनुसार रविवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान करीब 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। पिछले दिनों की तुलना में गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है और आने वाले दिनों में भी राहत मिलने के संकेत नहीं हैं।

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक शुक्रवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.3 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक था। अधिकतम आर्द्रता 59 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 31 प्रतिशत दर्ज की गई, जिससे उमस भी लोगों को परेशान कर रही है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि सुबह से ही गर्म हवा के थपेड़े महसूस किए जा रहे हैं। आगामी दिनों में तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है। यदि यही स्थिति बनी रही तो जून माह में इस सीजन का सबसे अधिक तापमान दर्ज होने की संभावना है।

मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी या छिटपुट बारिश की संभावना जरूर है, लेकिन इससे तापमान में विशेष राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। अगले पांच दिनों के दौरान तापमान बढ़ने और लू की स्थिति बने रहने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि फिलहाल मानसून के उत्तर प्रदेश और लखनऊ पहुंचने के लिए परिस्थितियां अनुकूल नहीं हैं। ऐसे में लोगों को अभी कुछ दिन और तेज गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और धूप से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है। गर्मी और लू के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए प्रशासन भी लोगों से सतर्क रहने की अपील कर रहा है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *