लखनऊ में तेज रफ्तार थार की टक्कर से युवक की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

लखनऊ में तेज रफ्तार थार की टक्कर से युवक की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

लखनऊ। काकोरी थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। अस्पताल में भर्ती अपने घायल भाई को खाना देकर घर लौट रहे युवक को तेज रफ्तार थार वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक करीब 100 फीट दूर जा गिरा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।

मृतक की पहचान मंडोली गांव निवासी हिमालय पुत्र शिवमंगल के रूप में हुई है। बताया गया कि उसका छोटा भाई हिमांशु कुछ दिन पहले आम के पेड़ से गिरकर घायल हो गया था और उसका उपचार ठाकुरगंज क्षेत्र स्थित एरा हॉस्पिटल में चल रहा था। हिमालय शनिवार शाम अपने भाई को खाना देने अस्पताल गया था।

जानकारी के अनुसार, अस्पताल से लौटने के दौरान वह ऑटो से गोलाकुआं गांव के सामने उतरा और हरदोई रोड पार कर अपने गांव मंडोली की ओर पैदल जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार और अनियंत्रित थार वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि हिमालय कई फीट ऊपर उछलकर करीब 100 फीट दूर सड़क पर जा गिरा। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। युवक की मौत से गुस्साए लोगों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने और आरोपी चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

करीब तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण हरदोई रोड पर लंबा जाम लग गया और वाहनों की कतारें डेढ़ किलोमीटर तक पहुंच गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद स्थिति को सामान्य कराया।

बताया गया है कि हिमालय परिवार का सबसे बड़ा बेटा था और घर की आर्थिक जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। परिवार में घायल भाई हिमांशु के अलावा दो बहनें हिमांशी और रागिनी हैं। युवक की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना में शामिल वाहन व चालक की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *