उरई। उत्तर प्रदेश के जालाैन जिले के आटा थाना क्षेत्र के अटरिया गांव में दबंगों ने बाइक सवार एक युवक संजीव पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में युवक के हाथ में गोली लगी, जबकि दूसरी गोली उसकी बाइक में जा लगी। फायरिंग की वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। फिलहाल, पुलिस ने तहरीर के आधार पर 5 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

घायल युवक ने पुलिस को बताया कि चार लोगों ने उस पर गोली चलाई, मारपीट की और गला दबाने की कोशिश की। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। घटना की सूचना मिलने के बाद एडिशनल एसपी और सीओ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

घायल युवक को जिला अस्पताल उरई में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपिताें की गिरफ्तारी के लिए दबिश देना शुरू कर दिया है। सीओ राजेश कमल ने बताया कि मामले की गहन जांच पड़ताल शुरू कर दी है। आरोपिताें के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपिताें की तलाश में जुटी है।

