मुजफ्फरनगर। आगामी मोहर्रम को लेकर शहर में निकलने वाले ताजिया एवं मातमी जुलूस के मार्ग को लेकर हिंदू संघर्ष समिति ने प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर रूट में बदलाव की मांग उठाई है। समिति का कहना है कि वर्तमान में जुलूस शहर के प्रमुख चौराहों शिव चौक और हनुमान चौक से होकर गुजरता है, जिससे हर वर्ष विवाद और तनाव की आशंका बनी रहती है।

समिति के संयोजक नरेंद्र पंवार ने आरोप लगाया कि मोहर्रम जुलूस के दौरान शिव चौक और हनुमान मंदिर के आसपास लंबे समय तक रुककर मातम किया जाता है, जिससे हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं प्रभावित होती हैं। उन्होंने मांग की कि इस वर्ष धार्मिक स्थलों को तिरपाल से न ढंका जाए और जुलूस को किसी वैकल्पिक मार्ग से निकाला जाए।

हिंदू संघर्ष समिति के नेता देशराज पंवार ने भी प्रशासन से जुलूस का रूट बदलने की मांग करते हुए कहा कि शहर में आपसी सौहार्द और शांति बनाए रखने के लिए संवेदनशील स्थानों से जुलूस निकालने के विषय पर पुनर्विचार किया जाना चाहिए। उनका कहना है कि इस मुद्दे को लेकर हर वर्ष स्थानीय स्तर पर असंतोष की स्थिति बनती है।
समिति पदाधिकारियों ने ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से समय रहते आवश्यक निर्णय लेने की मांग की है, ताकि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था बनी रहे और किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
ज्ञापन सौंपने के दौरान समिति के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले को नियमानुसार विचार करने का आश्वासन दिया है।

